चंडीगढ़ , जुलाई 05 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंजाब के पठानकोट जिले के माधोपुर स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) शिविर पहुंचे। शिविर में पहुंचने पर बीएसएफ के महानिरीक्षक (आईजी) शशांक आनंद ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बीएसएफ अधिकारियों के साथ मुलाकात कर सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और देश की सुरक्षा में बल के योगदान की सराहना की।दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने बीएसएफ शिविर परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने का संदेश दिया। अधिकारियों और जवानों ने भी इस अभियान में सहभागिता दिखाई।

कार्यक्रम के अंत में बीएसएफ आईजी शशांक आनंद ने मुख्यमंत्री सैनी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बीएसएफ के जवान विषम परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं और उनका समर्पण पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने जवानों के साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य सरकार हमेशा सुरक्षा बलों के सम्मान और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। यह दौरा सौहार्द, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान का संदेश देने वाला रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित