चंडीगढ़ , दिसंबर 09 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को वरिष्ठ आईएएस अधिकारी (सेवानिवृत्त) डॉ. के.के. खंडेलवाल और हरियाणा सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव अपूर्व कुमार सिंह द्वारा लिखित ''कार्यकारी मजिस्ट्रेटों के लिए पुस्तिका'' का विमोचन किया।

यह कार्यक्रम हरियाणा आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में आईएएस एसोसिएशन के सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य की प्रशासनिक व न्यायिक व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह पुस्तक केवल शब्दों का संग्रह नहीं, बल्कि लेखक के विचारों, अनुशासन और भावनाओं का संगम है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक भावी पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगी और संविधान को और अधिक सशक्त बनाने में भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक ऐसे समय में प्रकाशित हुई है जब देश की आपराधिक न्याय प्रणाली में नया अध्याय शुरू हुआ है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के लागू होने के बाद कार्यकारी मजिस्ट्रेटों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य में तीनों नए आपराधिक कानून लागू कर दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि यह पुस्तक कानूनों के संकलन के साथ-साथ कार्यपालक मजिस्ट्रेटों की जिम्मेदारियों, शक्तियों, प्रक्रियाओं और जमीनी स्तर पर उनके अनुप्रयोग को सरल भाषा में समझाती है। 10 भागों और 45 अध्यायों में तैयार यह ग्रंथ एक व्यापक संदर्भ पुस्तक के रूप में अधिकारियों का मार्गदर्शन करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित