चंडीगढ़ , जून 15 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को हरियाणा निवास में लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की विभागीय पत्रिका ''जल संजीवनी'' के प्रथम अंक का विमोचन किया।

इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ''जल संजीवनी'' विभाग की योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं को जनता तक पहुंचाने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है। यह पत्रिका नागरिकों को विभाग की जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी देने के साथ-साथ जल संरक्षण, जल सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि हरियाणा जल प्रबंधन और ग्रामीण पेयजल आपूर्ति के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है। राज्य सरकार और लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के प्रयासों से प्रदेश ''शुद्ध जल, पर्याप्त जल'' के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप प्रत्येक व्यक्ति तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि पत्रिका में पेयजल एवं स्वच्छता क्षेत्र में विभाग के कार्यों, नवाचारों और विकासात्मक पहलों का विस्तृत विवरण दिया गया है। इसमें जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के तहत स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने, जल आपूर्ति कवरेज बढ़ाने, बजटीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग और आधारभूत ढांचे के विकास से जुड़ी उपलब्धियों को शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि पत्रिका में जल गुणवत्ता प्रबंधन, आधुनिक जल परीक्षण प्रयोगशालाओं, उन्नत जल एवं सीवेज उपचार संयंत्रों, तकनीकी नवाचारों तथा जल संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रमुखता से स्थान दिया गया है।

श्री गंगवा ने कहा कि सामुदायिक भागीदारी आधारित गतिविधियों, निरीक्षण एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों, प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण पहलों तथा हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल जैसे डिजिटल माध्यमों से लाई गई पारदर्शिता और कार्यकुशलता को भी पत्रिका में दर्शाया गया है। साथ ही शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत कर नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित