चंडीगढ़ , अक्टूबर 11 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को अश्विन नवरात्र के प्रथम दिन अपनी पत्नी सुमन सैनी के साथ माता मनसा देवी मंदिर में माथा टेककर पूजा-अर्चना कर मां भगवती का आशीर्वाद लेकर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर स्थित यज्ञशाला में आयोजित हवन-यज्ञ में भी भाग लिया और आहुतियां डालीं।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां मनसा देवी के चरणों में प्रदेश की निरंतर उन्नति और खुशहाली की प्रार्थना की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
श्री सैनी ने माता मनसा देवी मंदिर परिसर में हरियाणा की पहली पर्यटक पुलिस पोस्ट का उद्घाटन किया। यहां 20 प्रशिक्षित जवानों को तैनात किया गया है, जिन्हें अलग वर्दी दी गई है, ताकि श्रद्धालु आसानी से उनकी पहचान कर सकें। ये जवान 24 घंटे श्रद्धालुओं की सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे।
मंदिर परिसर में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की लाइव निगरानी भी इसी पोस्ट से की जाएगी। इसके लिए नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की बेहतर सहायता के लिए जवानों को विशेष व्यवहार-कौशल और संवाद का प्रशिक्षण दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगी।
मुख्यमंत्री ने श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी पंचकूला और श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने रक्तदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित किया और कहा कि रक्तदान महादान है। रक्त की एक बूंद भी किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल, पुलिस आयुक्त पंकज नैन, अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्या, पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह, मेयर शाम लाल बंसल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित