चंडीगढ़ , सितंबर 04 -- हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' के सिद्धांत पर काम कर रही है। सरकार समाज के सभी वर्गों और समुदायों को साथ लेकर चल रही है तथा विभिन्न समुदायों की धर्मशालाओं के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री बेदी शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कुरुक्षेत्र गुर्जर धर्मशाला प्रबंधन समिति की ओर से धर्मशाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए गुर्जर धर्मशाला के विकास के लिए 15 लाख रुपये के अनुदान की घोषणा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक लीलाराम गुर्जर ने की।
मंत्री ने कहा कि गुर्जर समुदाय का गौरवशाली इतिहास रहा है और उसने देशभक्ति, वीरता, धर्म तथा संस्कृति की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। गुर्जर धर्मशाला जैसी संस्थाएं संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों तक सामाजिक मूल्यों को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ये संस्थाएं केवल भवन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, संगठन और भाईचारे के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपने जीवन और भगवद्गीता की शिक्षाओं के माध्यम से मानवता को कर्तव्य, धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनका जीवन हमें अन्याय और अधर्म के विरुद्ध खड़े होने का संदेश देता है।
इस अवसर पर गुर्जर धर्मशाला कमेटी के अध्यक्ष ऋषिपाल कसाना, अशोक सिरसी, अशोक गुर्जर, जाट सभा के अध्यक्ष कृष्ण श्योकंद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित