चंडीगढ़ , अक्टूबर 15 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीडन सरकार के अंतरराष्ट्रीय विकास सहयोग एवं विदेश व्यापार मंत्री बेंजामिन दौसा से मुलाकात कर भारत-स्वीडन संबंधों को मजबूत बनाने और प्रदेश में निवेश एवं सहयोग की नई संभावनाओं पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री श्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा स्वीडन के साथ की गई बातचीत और प्रयासों को आगे बढ़ाना हरियाणा सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि भारत और स्वीडन ने मई 2025 में अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। दोनों देशों ने आने वाले पांच वर्षों में आपसी व्यापार और निवेश को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

श्री नायब सैनी ने कहा कि भारत में बड़ी संख्या में स्वीडिश कंपनियां काम कर रही हैं। हरियाणा भी इन कंपनियों के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में संयुक्त रूप से काम करने की संभावनाओं पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा में उपलब्ध 18 शुष्क बंदरगाह का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से स्वीडन के साथ व्यापारिक और औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने के अवसर तलाशे जाएंगे। इससे राज्य में निवेश और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिल सकती है।

स्वीडिश मंत्री बेंजामिन दौसा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और हरियाणा के साथ मिलकर भविष्य की योजनाओं पर काम करने में रुचि व्यक्त की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें 'हैपनिंग हरियाणा' समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

बैठक में हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित