जालंधर , अगस्त 25 -- पंजाब के बागवानी एवं रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत सूचीबद्ध (एम्पैनल्ड) अस्पतालों में उपलब्ध उपचार की जानकारी प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिये हैं, ताकि मरीजों को योजना का पूरा लाभ मिल सके।

जालंधर सिविल अस्पताल में मंगलवार को रोगी कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना और आम आदमी क्लीनिक पंजाब में लोगों को सुलभ एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नये आयाम स्थापित कर रहे हैं।

उपायुक्त वरजीत वालिया की मौजूदगी में हुई बैठक में मंत्री ने मुख्यमंत्री सेहत योजना के संबंध में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि लोगों को यह जानकारी होनी चाहिए कि योजना के तहत कौन-कौन से अस्पताल सूचीबद्ध हैं और वहां कौन से उपचार उपलब्ध हैं। इससे मरीज विशेष उपचार के लिए सही अस्पताल का रुख कर सकेंगे और योजना के तहत 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने सभी सूचीबद्ध अस्पतालों को निर्देश दिया कि योजना के तहत उपलब्ध उपचारों की जानकारी वाले बोर्ड प्रमुख स्थानों पर लगाये जायें, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में जालंधर सिविल अस्पताल से संबंधित कई विकास प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी। उन्होंने स्पीच थेरेपी के लिए ऑडियोमेट्री रूम स्थापित करने का विस्तृत अनुमान तैयार करने के निर्देश दिये। मरीजों को कम कीमत पर दवाएं उपलब्ध कराने के लिए जन औषधि केंद्र दोबारा शुरू करने को भी मंजूरी दी गयी।

इसके अलावा नये प्रशिक्षण हॉल, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मरीजों की सुविधा के लिए मोबाइल एंबुलेंस, प्रतीक्षालय के नवीनीकरण, बाल रोग वार्ड में बच्चों के लिए प्ले एरिया तथा मातृत्व वार्ड में बेबी फीडिंग रूम बनाने की परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गयी।

श्री भगत ने अस्पताल में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि सीवरेज पाइपलाइन बिछाने का करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शौचालयों के नवीनीकरण का 60 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित