रायपुर , सितंबर 23 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को सड़क सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत सड़क सुरक्षा संकल्प पोस्टर पर हस्ताक्षर कर सुरक्षित यातायात का संकल्प लिया और सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

इस अवसर पर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को यातायात जागरूकता के लिए संचालित किए जा रहे विभिन्न अभियानों और सड़क सुरक्षा की दिशा में किए जा रहे नए प्रयासों की जानकारी दी। अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में तकनीक के उपयोग और नागरिकों की भागीदारी से जुड़े प्रयासों से भी उन्हें अवगत कराया।

पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को ट्रैफिक हैकथॉन 2026 अभियान के संबंध में भी जानकारी दी। इस पहल के माध्यम से तकनीक और लोगों की भागीदारी के जरिए सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे इन प्रयासों की सराहना की।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। लोगों से अपनी सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने का आग्रह किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित