रायपुर , अक्टूबर 12 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा पर्व के तहत वाराणसी और वडनगर की यात्रा पर गए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री निवास में सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की कर्मभूमि वाराणसी और जन्मभूमि वडनगर में विभिन्न सेवा गतिविधियों में भाग लेकर विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि युवा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक सेवा यात्रा आयोजित की गई। इस यात्रा में शामिल भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान और जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से लोगों को केंद्र सरकार की उपलब्धियों तथा विकसित भारत के संकल्प की जानकारी दी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने वाराणसी और वडनगर में स्वच्छता, जनसंपर्क और सेवा गतिविधियों के माध्यम से संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता भाजपा की प्रमुख ताकत हैं और प्रधानमंत्री के 'राष्ट्र प्रथम' के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
श्री सिंह ने कहा कि सेवा और समर्पण की भावना के साथ कार्य करते हुए युवा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, नवीन मार्कण्डेय, सरगुजा संभाग प्रभारी अवधेश चंदेल, अभियान प्रभारी जगदीश (रामू) रोहरा, बस्तर संभाग सह प्रभारी हरपाल सिंह, भाजयुमो प्रदेश प्रभारी वैभव बैस, प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, भाजपा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक गोविंदा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित