रायपुर , अगस्त 17 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को जशपुर जिले की दृष्टिबाधित छात्रा जयमंती खेस को पढ़ाई में सहायता के लिए विशेष सहायक सॉफ्टवेयर युक्त लैपटॉप प्रदान किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने जशपुर जिले के ग्राम बगिया स्थित अपने निवास पर कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गोरिया निवासी जयमंती को लैपटॉप सौंपा और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। जयमंती वर्तमान में डिग्री गर्ल्स कॉलेज, रायपुर में बीए अंतिम वर्ष की छात्रा हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जयमंती से उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि वह आगे क्या बनना चाहती हैं। जयमंती ने शिक्षक बनने की इच्छा जताई। इस पर श्री साय ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं और उन्हें पूरी लगन के साथ अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए आगे बढ़ना चाहिए।
जयमंती ने अपनी पढ़ाई को सुगम बनाने के लिए कलेक्टर जनदर्शन में लैपटॉप उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने उनकी विशेष आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सहायक सॉफ्टवेयर युक्त लैपटॉप तैयार कराया।
समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के अनुसार लैपटॉप में उपलब्ध विशेष सॉफ्टवेयर स्क्रीन पर मौजूद सामग्री को आवाज के माध्यम से सुनने और समझने में सहायता करेगा। इससे जयमंती डिजिटल पुस्तकें, नोट्स और अन्य शैक्षणिक सामग्री का उपयोग अधिक आसानी से कर सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। दिव्यांग विद्यार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप संसाधन और सहयोग उपलब्ध कराकर शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित