रायपुर , मई 21 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के तहत सूरजपुर, कोरिया और एमसीबी जिले के औचक दौरे के दौरान शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए पेयजल संकट, स्कूल परीक्षा परिणाम और खाद वितरण में गड़बड़ी को लेकर अधिकारियों पर कड़ा रुख अपनाया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कोरिया जिले के सहायक आयुक्त एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं आयुष प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कलेक्टरों को संकटग्रस्त इलाकों में टैंकरों के माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित कलेक्टर सीधे जिम्मेदार माने जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने तीनों जिलों के स्कूल परीक्षा परिणामों पर भी नाराजगी जताते हुए आगामी शिक्षा सत्र के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने तथा स्कूलों में अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था की कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री ने सूरजपुर जिले के ग्राम रामपुर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहक महिलाओं को चरण पादुका पहनाई तथा बच्चों का अन्नप्राशन और नामकरण भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित