छिंदवाड़ा , जुलाई 31 -- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सात अगस्त को छिंदवाड़ा से 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026' का शुभारंभ करेंगे। अभियान का उद्देश्य मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जिला स्तरीय समाधान बैठक में शामिल होकर चयनित शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे। विभिन्न विभागों से संबंधित लगभग 20 से 25 शिकायतों का चयन किया जाएगा, जिनका निराकरण पांच अगस्त तक मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य होगा।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा करेंगे और किसी मामले में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब करेंगे।
लोक सेवा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने इस संबंध में छिंदवाड़ा कलेक्टर को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों में शिकायतों के परीक्षण, सत्यापन और समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया गया है। पूरी प्रक्रिया मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान जिला प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक भी आयोजित की जाएगी। इसके अलावा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर भी चर्चा प्रस्तावित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित