जहानाबाद , मई 27 -- इंटरनेट मीडिया पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में जहानाबाद जिले की पुलिस ने गायक चुन्नू लाल यादव उर्फ निर्भय कुमार को मखदुमपुर थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव स्थित उसके पैतृक आवास से गिरफ्तार कर लिया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ)-2 कृति कमल ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी द्वारा इंटरनेट मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया गया था। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि पोस्ट में मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है तथा उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। इसी को लेकर पटना साइबर थाने में मामला दर्ज किया गया था।

एसडीपीओ ने बताया कि पटना साइबर थाना से प्राप्त निर्देश के बाद जहानाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी अनुसंधान और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने श्रीपुर गांव में छापेमारी कर चुन्नू लाल यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित