सासाराम, अक्टूबर 06 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड के करूप पंचायत स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में नवनिर्मित खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वहां उपस्थित छात्र-छात्राओं से बातचीत की और छात्रों द्वारा बनाए गए नए-नए विज्ञान के मॉडलों को देखा। छात्रों ने अपने द्वारा बनाए गए विज्ञान के मॉडलों के बारे में मुख्यमंत्री को विस्तार से बताया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने क्लासरूम में जाकर पढ़ाई की गुणवत्ता के बारे में छात्र-छात्राओं से बातचीत की और वहां उपस्थित शिक्षकों से जानकारी ली।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में जीविका, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ऊर्जा विभाग, ग्रामीण विकास विभाग और पंचायती राज सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने 400 करोड़ रुपए की विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने तीन दिनों तक चलने वाले सेवा सेतु अभियान और सहयोग शिविर का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि इस क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को विकसित कर अगले पांच वर्षों में यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या को लगभग 50 हजार से बढ़ाकर 05 लाख करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि अगले मार्च से पहले सासाराम और औरंगाबाद शहरों में सोन नदी का पानी पहुंचाने की दिशा में कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सोन नदी के पानी के बंटवारे से संबंधित समझौते के बाद बिहार को सोन नदी के पानी का लगभग तीन-चौथाई हिस्सा प्राप्त हुआ है। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने रोहतास की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि यहां जो नयी टाउनशिप बनेगी उसका नाम रोहतास रखा जाएगा।उन्होंने कहा कि 'सहयोग शिविर महीने में दो बार आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि 'सेवा सेतु अभियान' तीन दिनों तक, 6 से 8 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर में प्राप्त किसी आवेदन पर निर्णय देने में संबंधित पदाधिकारी अथवा कर्मचारी यदि 30 दिन की समय-सीमा पार करता है तो उसे सीधे निलंबित किया जाएगा। उन्होंने जीविकादीदियों और पदाधिकारियों से गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने का आह्वान करते हुए कहा कि न्याय के साथ विकास होगा। सबके साथ, सबके विकास की भावना से काम किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित