पटना, अगस्त 07 -- ाष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को गांधी मैदान स्थित खादी मॉल जाकर बुनकरों की ओर से तैयार उत्पादों को देखा और उनसे बातचीत की। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने मिथिला पेंटिंग के कलाकारों से बातचीत करते हुए पारंपरिक लोक कला को बढ़ावा देने में सरकार की तरफ से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने बुनकरों और कारीगरों के कौशल की सराहना करते हुए कहा कि इन शिल्पकारों ने बिहार की पारंपरिक लोककला को समृद्ध किया है और इसे वैश्विक पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि आज देश और दुनिया में हथकरघा उत्पादों की मांग बढ़ी है। हथकरघा उद्योग से जुड़े बुनकरों एवं कामगारों की हरसंभव मदद सरकार करेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने खादी मॉल से खादी उत्पाद की खरीददारी की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी चीजों और खादी के उद्योग को बढ़ावा देने के लिए खरीददारी की है। उन्होंने लोगों से हथकरघा उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की।
बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के सीईओ डॉ. विद्यानंद सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मौके पर मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित