पटना , नवम्बर 04 -- बिहार के मुख्यमंत्री सह बिहार फाउंडेशन के संरक्षक सम्राट चौधरी ने बुधवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' सभागार में बिहार फाउंडेशन की नव निर्मित वेबसाइट एवं बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 के पोर्टल का शुभारंभ किया। इसके साथ ही 'बिहार है तैयार' कार्यक्रम की शुरुआत भी की गई। इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश-विदेश से बिहार फाउंडेशन के सभी 55 चैप्टरों के प्रतिनिधि जुड़े हुये थे। बिहार फाउंडेशन के यूएसए के न्यूयॉर्क चैप्टर से प्रतिनिधि आलोक कुमार, टेक्सास चैप्टर से प्रतिनिधि प्रिंस, थाईलैंड चैप्टर से अमित कुमार, जापान चैप्टर से आनंद, ऑस्ट्रेलिया चैप्टर से पुष्कर, मॉस्को चैप्टर से डॉ.श्वेता सिंह, जर्मनी चैप्टर से प्रकाश शर्मा, घाना चैप्टर से श्रीमती अमृता पांडे, युगांडा चैप्टर से रघुनाथ प्रसाद तथा भारत के अहमदाबाद चैप्टर से दुर्गा दत्त ने मुख्यमंत्री से संवाद किया।
संवाद के दौरान प्रतिनिधियों ने बिहार में हो रहे बदलाव की तारीफ की और अपने-अपने देश में बिहार की बदलती छवि की चर्चा की। सभी प्रतिनिधियों ने बिहार की समृद्धि में अपने योगदान देने के संकल्प को व्यक्त किया और बिहार में उद्योग के विकास के लिये अपने सहयोग की बात कही।
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार को समृद्ध बनाने का रास्ता कैसे तैयार किया जाए, इस दिशा में काम किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि हम सभी बिहारियों का दायित्व है कि बिहार को समृद्ध बनाने में अपना योगदान दें। हमारी कर्मभूमि चाहे कहीं भी हो, लेकिन अपनी जन्मभूमि को संवारना भी हमारा ही दायित्व है। बिहार के गौरवशाली इतिहास और प्रतिष्ठा को फिर से स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में बुनियादी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में कार्य किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन प्रयासों को और गति प्रदान की। अब बिहार तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के विकसित भारत तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने के लिये हम सब को मिलकर काम करना होगा।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार फाउंडेशन का उद्देश्य देश-विदेश में रह रहे बिहार मूल के लोगों को अपनी मातृभूमि से जोड़ना तथा उनके अनुभव, ज्ञान, कौशल एवं संसाधनों का उपयोग बिहार के विकास में करना है। उन्होंने कहा कि बिहार फाउंडेशन के कार्य मुख्य रूप से तीन स्तंभों-बॉन्डिंग (जुड़ाव), ब्रांडिंग (पहचान) एवं बिजनेस (व्यापार एवं निवेश) पर आधारित हैं। बिहार फाउंडेशन प्रवासी बिहारियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ राज्य की सकारात्मक छवि को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार फाउंडेशन में कुल 55 चैप्टर कार्यरत हैं, जिनमें 31 अंतर्राष्ट्रीय एवं 24 राष्ट्रीय चैप्टर शामिल हैं। आनेवाले समय में इसको और बढ़ाने के लक्ष्य पर सरकार काम करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में आधारभूत संरचना के विकास का कार्य काफी तेजी से चल रहा है। बिहटा में ड्राई पोर्ट शुरू हो चुका है। पटना, दरभंगा और गया जी से अधिक से अधिक अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें शुरू हों, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। नदियों में गाद की समस्याओं के समाधान तथा उनके समुचित प्रबंधन के लिए गाद नीति लायी गयी है। उन्होंने कहा कि बिहार के मंत्री एवं अधिकारी विभिन्न देशों का दौरा करेंगे, जिससे वहां उपलब्ध तकनीक, निवेश एवं विकास के बेहतर अवसरों को बिहार से जोड़ा जा सके। बिहार के डॉक्टरों को भी एक मंच पर लाने के उद्देश्य से राज्य में बिहारी डॉक्टरों का एक सेमिनार आयोजित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित