पटना , जून 24 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं बांका के पूर्व सांसद स्व. दिग्विजय सिंह की16वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
जमुई जिले के नयागांव स्थित नागी-नकटी-कटहरा नदी तट पर बने समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने स्व. दिग्विजय सिंह के जनसेवा, विकास कार्यों और समाज के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर स्व. दिग्विजय सिंह की धर्मपत्नी एवं पूर्व सांसद श्रीमती पुतुल कुमारी तथा उनकी सुपुत्री एवं उद्योग तथा खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री श्रीमती लेशी सिंह, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, परिवहन मंत्री दामोदर रावत, जमुई के सांसद अरुण भारती, पूर्व मंत्री सुमित कुमार सिंह सहित कई विधायकगण, विधान पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण, कार्यकर्तागण और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित