पटना , अगस्त 22 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पश्चिमी चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की और अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए भी प्रार्थना की।
श्री चौधरी ने दुर्घटना में घायल लोगों के प्रति भी चिंता व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने तथा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिये गये हैं।
गौरतलब है कि पश्चिमी चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में बैंकटवा मध्य विद्यालय के पास बीती देर रात एक पारिवारिक समारोह के दौरान सड़क किनारे जुटी भीड़ में एक अनियंत्रित बस के घुस जाने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। समारोह के तहत सड़क किनारे आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने के लिए लोग जुटे थे। इसी दौरान अचानक एक अनियंत्रित बस सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गई।
मृतकों की पहचान छंगुर राम (70), बहादुर महतो (45), संजय कुमार (28), राकेश कुमार दुबे (35) और देवेंद्र दुबे (35) के रूप में हुई है। इस घटना मेंघायल लोगों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित