जमुई , अक्टूबर 03 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को जमुई जिले के चकाई प्रखंड स्थित निर्माणाधीन अंकुर बायोकेम प्राइवेट लिमिटेड एथेनॉल प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री चौधरी को प्लांट के निर्माण कार्य एवं परियोजना की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि प्लांट से मार्च 2027 तक उत्पादन शुरू हो जाएगा।
निरीक्षण के मुख्यमंत्री श्री चौधरी की अध्यक्षता में एथेनॉल प्लांट परिसर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जमुई के जिलाधिकारी नवीन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अंकुर बायोकेम प्राइवेट लिमिटेड एथेनॉल प्लांट के संबंध में मुख्यमंत्री श्री चौधरी को विस्तृत जानकारी देते हुये बताया कि यह परियोजना एशिया के बड़े ग्रेन-बेस्ड एथेनॉल प्लांट्स में से एक है। इसे 105 एकड़ भूमि पर विकसित किया जा रहा है। संयंत्र की उत्पादन क्षमता 1000 किलो लीटर प्रतिदिन होगी, जिसके माध्यम से प्रतिदिन लगभग 10 लाख लीटर एथेनॉल का उत्पादन किया जाएगा। परियोजना में 20 मेगावाट की कैप्टिव पावर जेनरेशन सुविधा भी स्थापित की जाएगी, जिससे संयंत्र ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा। संयंत्र को प्रतिदिनलगभग 30,000 क्विंटल अनाज की आवश्यकता होगी, जिससे स्थानीय किसानों को अपनी उपज के लिए स्थायी एवं भरोसेमंद बाजार उपलब्ध होगा। यह संयंत्र जीरो लिक्विड डिस्चार्ज प्रणाली पर आधारित होगा, जिससे जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित