पटना , जून 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने रविवार को कहा कि बिहार का खजाना खाली नहीं है, बल्कि विकास और जनकल्याण की योजनाओं से समृद्ध है। श्री सरावगी ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार की अर्थव्यवस्था आज विकास और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों को छू रही है। उन्होंने कहा कि बिहार आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के आंकड़े स्पष्ट रूप से बताते हैं कि राज्य का आर्थिक प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से बेहतर है और विपक्ष द्वारा राज्य के खजाने को खाली बताने का दावा पूरी तरह भ्रामक एवं तथ्यहीन है।

श्री सरावगी ने कहा कि वर्ष 2024-25 में बिहार का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) वर्तमान कीमतों पर 13.1 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 9,91,997 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जबकि राष्ट्रीय औसत मात्र 9.8 प्रतिशत रहा। उन्होंने कहा कि स्थिर कीमतों पर भी बिहार ने 8.6 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की है। वर्ष 2025-26 में बिहार का जीएसडीपी 10.97 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जो राज्य की आर्थिक मजबूती और विकास की रफ्तार को दर्शाता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि राज्य का खजाना खाली होता तो इतनी तेज़ विकास दर, रिकॉर्ड निवेश और बड़े पैमाने पर आधारभूत संरचना का निर्माण संभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि बिहार की कुल राजस्व प्राप्तियां 2020-21 के 1.28 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 2.18 लाख करोड़ रुपये हो गई हैं। कर राजस्व का हिस्सा 70 प्रतिशत से बढ़कर 84 प्रतिशत तक पहुंचना राज्य की बढ़ती वित्तीय आत्मनिर्भरता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार के विकास का रोडमैप पूरी तरह स्पष्ट तथा आर्थिक रूप से बिहार सशक्त है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित