पटना , अप्रैल 30 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यालय प्रभारी सूर्य कुमार शर्मा (अरविंद शर्मा) ने गुरुवार को बिहार विधान परिषद उपचुनाव 2026 के लिए अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया।
श्री शर्मा ने यह नामांकन वरिष्ठ भाजपा नेता मंगल पांडेय के विधान परिषद से इस्तीफे के बाद उनकी खाली हुई सीट के लिए भरा है। श्री पाण्डेय बिहार विधानसभा चुनाव में सीवान सीट से विधायक चुने गए थे और उन्होंने विधान परिषद की सद्स्यता छोड़ दी थी। सदन में सत्तारूढ़ दल की ताकत को देखते हुए श्री शर्मा का चुना जाना प्रायः तय माना जा रहा है।
श्री शर्मा के नामांकन के समय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री मंगल पांडेय, पूर्व मंत्री रामकृपाल यादव, संतोष कुमार सुमन, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (आर) प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी एवं राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के वरिष्ठ नेता और विधायक उपस्थित थे।
नामांकन भरने से पहले भाजपा के मुख्यालय प्रभारी सूर्य कुमार शर्मा (अरविंद शर्मा) ने प्रदेश कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित