कोलकाता , मई 27 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार सुबह लोकभवन में राज्यपाल आर. एन. रवि के साथ लंबी बैठक की, जिसके बाद राज्य कैबिनेट के विस्तार की अटकलें तेज हो गयी हैं।
मुख्यमंत्री सुबह करीब 11:30 बजे लोक भवन पहुंचे और उन्होंने राज्यपाल के साथ लगभग एक घंटे चालीस मिनट तक चर्चा की। वह दोपहर करीब 1:15 बजे राजभवन परिसर से रवाना हुये। बैठक के एजेंडे के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन राजनीतिक हलकों का मानना है कि यह चर्चा आगामी बजट सत्र से पहले भाजपा सरकार के बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार से जुड़ी थी। सूत्रों के अनुसार, नये मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह इसी सप्ताह के अंत में हो सकता है।
श्री अधिकारी ने रवींद्र जयंती के अवसर पर नौ मई को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उनके साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, खुदीराम टुडू, निसिथ प्रमाणिक और अशोक कीर्तनिया सहित पांच अन्य लोगों ने मंत्री पद की शपथ ली थी। तब पूर्ण कैबिनेट का गठन नहीं किया गया था। राज्य भाजपा के सूत्रों का कहना है कि पार्टी कैबिनेट को अंतिम रूप देने से पहले कई कारकों पर ध्यानपूर्वक विचार कर रही है। विधानसभा में वर्तमान में भाजपा के 207 विधायक हैं, लेकिन प्रशासनिक अनुभव वाले विधायकों की संख्या अपेक्षाकृत सीमित है।
प्रदेश भाजपा नेतृत्व सभी जिलों और विभिन्न समुदायों से प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का प्रयास भी कर रहा है, जिसके कारण कैबिनेट गठन को लेकर सतर्क रुख अपनाया जा रहा है। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का दावा है कि मुख्यमंत्री और राज्य भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने हाल ही में दिल्ली की यात्रा की थी, ताकि केंद्रीय नेतृत्व के साथ कैबिनेट के संभावित ढांचे और भावी मंत्रियों के नामों पर चर्चा की जा सके।
उन बैठकों के बाद, कैबिनेट विस्तार की प्रक्रिया ने कथित तौर पर रफ्तार पकड़ ली है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 22 जून को पेश होने वाले भाजपा सरकार के पहले पूर्ण बजट से पहले एक पूर्ण कैबिनेट का गठन बेहद महत्वपूर्ण हो गया है।माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री बजट सत्र से पहले मंत्रियों के बीच प्रशासनिक जिम्मेदारियां बांटने के इच्छुक हैं, क्योंकि बजट की प्रस्तुति और चर्चा के दौरान विभागीय मंत्रियों की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक माना जाता है। इस बीच, कैबिनेट में संभावित नये चेहरों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित