भोपाल , अक्टूबर 22 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार 23 अक्टूबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वे सेमीकंडक्टर हब के रूप में मध्यप्रदेश का विजन प्रस्तुत करेंगे तथा उद्योग से जुड़े निवेशकों और कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें कर निवेश, तकनीकी सहयोग और उद्योग विकास की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

दो दिवसीय समिट में देश-विदेश की सेमीकंडक्टर कंपनियों के प्रतिनिधि, निवेशक, उद्योग विशेषज्ञ, शिक्षाविद और स्टार्टअप प्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन में सेमीकंडक्टर विनिर्माण, चिप डिजाइन, उन्नत पैकेजिंग एवं टेस्टिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास जैसे विषयों पर मंथन होगा। समिट के दौरान आठ पैनल चर्चाएं, पांच राउंडटेबल बैठकें और चार मुख्य व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे।

पहले दिन उन्नत पैकेजिंग एवं टेस्टिंग हब के रूप में मध्यप्रदेश के विकास, फैबलेस इकोसिस्टम और सेमीकंडक्टर विनिर्माण एवं आपूर्ति शृंखला पर चर्चा होगी। दूसरे दिन चिप प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद निर्माण, डिजाइन सेवाओं, अनुसंधान एवं विकास तथा प्रतिभा संवर्धन पर विचार-विमर्श किया जाएगा। फोटोनिक्स, क्वांटम प्रौद्योगिकी और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों से संबंधित बैठकें भी होंगी।

समिट में 50 से अधिक कंपनियां चिप डिजाइन, पैकेजिंग एवं टेस्टिंग, उपकरण, सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और उभरती प्रौद्योगिकियों से जुड़ी अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगी। 'मध्यप्रदेश सेमीकॉन स्टार्टअप प्रतियोगिता' के अंतिम चरण में चयनित विजेताओं को समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

राज्य सरकार ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर नीति-2025 को स्वीकृति दी है। समिट का उद्देश्य प्रदेश में निवेश आकर्षित करने, तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने, उद्योग-शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाने और कुशल मानव संसाधन तैयार करने के अवसरों को विस्तार देना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित