बेंगलुरु , अगस्त 10 -- कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार मंत्रियों के विभागों के बंटवारे पर सहमति के साथ बेंगलुरु लौट रहे हैं जिससे सत्तारूढ़ पार्टी के भीतर चल रही जबरदस्त गुटबाजी के बीच मंत्रिमंडल विस्तार की लंबी प्रक्रिया अब पूरी होने के करीब है।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि श्री शिवकुमार ने राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल के साथ मंत्रियों के विभागों के बंटवारे पर चर्चा की। कांग्रेस नेतृत्व कर्नाटक इकाई के भीतर क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, राजनीतिक जरूरतों और अलग-अलग दावों के बीच संतुलन बनाना चाहता है। इसके साथ वह यह भी सुनिश्चित करना चाहता है कि पूरी मंत्रिपरिषद बिना किसी और देरी के काम करना शुरू कर दे।

गौरतलब है कि हाल ही में मंत्रिमंडल विस्तार से पूर्व जबरदस्त गुटबाजी सामने आयी थी । मंत्री पद के दावेदार पद पाने की कोशिश कर रहे हैं और नये शामिल हुए मंत्री महत्वपूर्ण विभागों के लिए अपनी पसंद जाहिर कर रहे हैं, जबकि आलाकमान ने साफ कर दिया है कि खास विभागों के लिए व्यक्तिगत मांगों के आधार पर अंतिम बंटवारा नहीं होगा। उम्मीद है कि पार्टी नेतृत्व के साथ तय किए गए ढांचे के भीतर विभागों के बंटवारे में मुख्यमंत्री की भूमिका निर्णायक होगी।

ऐसी रिपोर्टें हैं कि कुछ मंत्रियों ने बदलाव या अतिरिक्त विभागों की मांग की है, जिससे बातचीत और जटिल हो गई थी। विभागों के बंटवारे के लिए विधानसभा सत्र के चलने से भी जल्दबाजी बढ़ गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित