बेंगलुरु , जुलाई 19 -- कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने रविवार को फीफा विश्व कप फाइनल से पहले जनता से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने फुटबॉल प्रेमियों से जिम्मेदारी से जश्न मनाने का आग्रह किया है। इसके साथ ही राज्य सरकार ने इस वैश्विक महामुकाबले के सीधे प्रसारण की सुविधा के लिए बेंगलुरु में होटलों और रेस्तरां के खुलने का समय तड़के 3:30 बजे तक बढ़ा दिया है।
यह अपील फाइनल को लेकर बढ़ी उत्सुकता के बीच आयी है, जिसके तहत सोमवार तड़के पूरे शहर में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है।
विधान सौध में पत्रकारों से बातचीत में श्री शिवकुमार ने कहा कि युवा फुटबॉल प्रेमियों के अनुरोध पर यह ढील दी गयी है, लेकिन उन्होंने आगाह किया कि जश्न के कारण कानून-व्यवस्था की स्थिति नहीं बिगड़नी चाहिए।
उन्होंने कहा, "पुलिस ने पूरे शहर में कैमरे लगाये हैं। जीत किसी की भी हो, युवाओं को शांति से मैच देखना चाहिए और अपना आपा नहीं खोना चाहिए।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रशंसक जनता को असुविधा या परेशानी पैदा किये बिना इस शानदार मुकाबले का लुत्फ उठायें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन ने रात शांतिपूर्वक बीते, इसके लिए जरूरी सुरक्षा इंतजाम किये हैं और नागरिकों से कानून लागू करने वाले अधिकारियों के साथ सहयोग करने की अपील की।
श्री शिवकुमार ने इस मौके का इस्तेमाल यह बताने के लिए भी किया कि खेल के इस बड़े आयोजन के बावजूद शासन थमता नहीं है। उन्होंने कहा कि मंत्री, जिला प्रशासन और पुलिस चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "हमारे लिए कोई रविवार या छुट्टी नहीं है। हमें 24 घंटे काम करना होता है।" उन्होंने यह भी बताया कि वह संभावित सूखे की स्थिति से निपटने के लिए राज्य की तैयारियों की समीक्षा के लिए डिप्टी कमिश्नरों और जिला पंचायतों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से एक साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर तालुक को एक करोड़ रुपये जारी करने के इंतजाम पहले ही कर दिये हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भले ही शहर फुटबॉल का जश्न मना रहा है, लेकिन प्रशासन का ध्यान नागरिक चुनौतियों से निपटने पर केंद्रित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित