भरतपुर , मई 24 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत एक दिवसीय भरतपुर दौरे के दौरान गंगा दशमी के अवसर पर सोमवार को धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे। जिला कलक्टर कमर चौधरी ने रविवार को बताया कि श्री शर्मा बंध बारैठा में जल पूजन, गंगा मंदिर में आरती एवं सुजान गंगा पर दीपदान कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि इससे पहले टोंक वह बीसलपुर बांध से वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का शुभारम्भ करने के पश्चात हैलीकॉप्टर द्वारा मध्याह्न 12 बजे बयाना स्थित बंध बारैठा पहुंचेंगे। इसके बाद वह जल पूजन, परियोजना स्थल, बंध बारैठा बांध के विस्तार पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा करेंगे।
श्री चौधरी ने बताया कि श्री शर्मा हैलीकॉप्टर द्वारा एमएसजे कॉलेज ग्राउण्ड जायेंगे वहां से सर्किट हाऊस पहुंचेंगे। शाम को वह स्थानीय कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शर्मा शाम को गंगा मंदिर में गंगा दशमी एवं वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत आयोजित गंगा आरती एवं सुजान गंगा दीपदान कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर वह राज्य एवं देश की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं पर्यावरण संरक्षण की कामना करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित