रायपुर , अप्रैल 28 -- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की हाईस्कूल (10वीं) एवं हायर सेकेंडरी (12वीं) बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम की घोषणा कल 29 अप्रैल को की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नवा रायपुर स्थित मंत्रालय, महानदी भवन में अपरान्ह 2:30 बजे आधिकारिक रूप से परीक्षा परिणाम जारी करेंगे।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। परिणाम घोषित होते ही लाखों विद्यार्थी अपना रिजल्ट ऑनलाइन माध्यम से देख सकेंगे।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के अधिकारियों के अनुसार परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विभिन्न अधिकृत वेबसाइटों पर परिणाम उपलब्ध कराया जाएगा। विद्यार्थी अपना अनुक्रमांक दर्ज कर प्रमुख परिणाम पोर्टलों पर अपना परिणाम देख सकते हैं।
मंडल ने स्पष्ट किया है कि परिणाम जारी होते ही सभी वेबसाइटों पर एक साथ लिंक सक्रिय कर दिए जाएंगे, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
राज्यभर के विद्यार्थी एवं अभिभावक बेसब्री से परिणाम का इंतजार कर रहे हैं, वहीं शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूर्ण होने की जानकारी दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित