रायपुर , मार्च 10 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को विधानसभा परिसर स्थित कक्ष में भाजपा मीडिया विभाग के सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर प्रदेश के विकास, जनहितकारी योजनाओं और नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने भाजपा के मुखपत्र 'दीपकमल' के केंद्रीय बजट 2026-27 पर आधारित विशेषांक का विमोचन भी किया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने और जमीनी स्तर की समस्याओं को शासन तक लाने में मीडिया विभाग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने में मीडिया विभाग एक सेतु के रूप में कार्य कर रहा है।

नक्सलवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा और विकास की दोहरी रणनीति पर काम कर रही है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हो रहे सकारात्मक बदलाव, पुनर्वास नीतियों और बस्तर के अंदरूनी इलाकों में पहुँच रही बुनियादी सुविधाओं को प्रमुखता से सामने लाना आवश्यक है। उन्होंने भ्रामक सूचनाओं के बजाय तथ्यों पर आधारित संवाद को बढ़ावा देने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे नक्सलवाद के विरुद्ध चल रही निर्णायक लड़ाई में जनमत मजबूत होगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध है और लक्ष्य केवल बुनियादी ढाँचे का विकास नहीं, बल्कि प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक खुशहाली पहुँचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि मीडिया विभाग का सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदेश की छवि को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भाजपा के मुखपत्र 'दीपकमल' के केंद्रीय बजट 2026-27 पर आधारित विशेषांक का विमोचन किया। विशेषांक में केंद्रीय बजट के प्रमुख प्रावधानों के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ प्रवास को भी शामिल किया गया है, जो प्रदेश के विकास और जनकल्याण के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित