चेन्नई , मई 11 -- तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए 13 मई को होने वाले शक्ति परीक्षण से पहले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके के अध्यक्ष विजय ने सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन से उनके आवास पर मुलाकात की।
श्री विजय ने साथ ही विभिन्न दलों के नेताओं से भी मुलाकात की जिससे राज्य में एक नई राजनीतिक संस्कृति की शुरुआत हुई।
श्री स्टालिन ने हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में द्रमुक सरकार को अपदस्थ करने वाले अपने उत्तराधिकारी विजय का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें गले लगाया। श्री स्टालिन खुद कोलाथुर निर्वाचन क्षेत्र में हार गए थे जिसका उन्होंने तीन बार प्रतिनिधित्व किया और इसे एक आदर्श निर्वाचन क्षेत्र में बदल दिया।
द्रमुक अध्यक्ष के अलवरपेट आवास पर पहुंचने पर, श्री स्टालिन के बेटे और पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि ने प्रवेश द्वार पर श्री विजय का स्वागत किया और अपने चेन्नई लोयोला कॉलेज के दोस्त को गले लगाया। फिर उनके घर में प्रवेश करते ही श्री स्टालिन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और मुख्यमंत्री का हाथ पकड़कर उन्हें घर के अंदर ले गए।
मुख्यमंत्री ने श्री स्टालिन को एक गुलदस्ता और एक शॉल भेंट किया वहीं श्री स्टालिन ने उन्हें एक शॉल भेंट किया। अपनी ओर से, श्री उदयनिधि ने द्रमुक और द्रविड़ आंदोलन पर एक पुस्तक 'कलाथिन निरम करुप्पु शिवप्पु' भेंट की।
बैठक सौहार्दपूर्ण रहा और 10 मिनट से अधिक समय तक चलीा। इस अवसर पर श्री स्टालिन और श्री उदयनिधि के अलावा, पूर्व मंत्री थंगम थेनारासु और अनबिल महेश पोय्यामोझी भी उपस्थित थे।
दिलचस्प है कि मुख्यमंत्री विजय की उनसे मिलने की उत्सुकता के बारे में जानकारी प्राप्त होने पर, श्री स्टालिन ने कहा कि वह सचिवालय आएंगे। लेकिन श्री विजय ने जोर देकर कहा कि वह अपने पूर्ववर्ती से उनके आवास पर मिलना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री विजय का अगला पड़ाव एमडीएमके महासचिव वाइको के आवास पर था और वरिष्ठ राजनेता मुख्यमंत्री के आगमन पर बहुत खुश दिखे। श्री वाइको के बेटे और सांसद दुरई वाइको ने विजय का कार से उतरते समय माला पहनाकर और शॉल भेंट कर स्वागत किया। श्री वाइको ने भी श्री विजय को माला पहनाई और शॉल दिया।
अपनी पार्टी के पदाधिकारियों एवं परिवार के सदस्यों का परिचय कराने के बाद, श्री वाइको ने अपने घरेलू सहायकों का परिचय दिया और उन्होंने अभिनेता से मुख्यमंत्री बने विजय के साथ एक तस्वीर खिंचवाई।
उनका तीसरा पड़ाव पीएमके के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अंबुमणि का आवास था, जहां खुशियों का आदान-प्रदान एवं शॉल से सम्मानित करने के बाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री के परिवार के सदस्यों, जिनमें उनकी पत्नी और पहली बार धर्मपुरी से विधायक सौम्या अंबुमणि भी शामिल थीं, ने एक तस्वीर ली। परिवार के बच्चों ने अपने पसंदीदा फिल्म स्टार से हाथ मिलाया।
बाद में, मुख्यमंत्री विजय ने एनटीके के मुख्य समन्वयक सीमान से मुलाकात की जहां भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इससे पहले, उन्होंने माकपा और भाकपा के कार्यालयों का दौरा किया और वाम दलों के नेताओं से मुलाकात की। रविवार को शपथ ग्रहण करने एवं सचिवालय में पदभार ग्रहण करने के बाद श्री विजय ने पेरियार थिडल का दौरा किया और दिवंगत दिग्गज नेता एवं द्रविड़ आइकन, पेरियार की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। द्रविड़ कड़गम के अध्यक्ष के वीरमणि ने उनका स्वागत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित