हैदराबाद , जुलाई 12 -- तेलंगाना के पूर्व मंत्री और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के उपमुख्य सचेतक टी. हरीश राव ने रविवार को मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की आलोचना करते हुए कनेपल्ली पंप हाउस की मोटरों के ऑपरेशन पर उनकी टिप्पणियों पर सवाल उठाया और कहा कि उन्हें कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना की बुनियादी समझ भी नहीं है।

श्री हरीश राव ने तेलंगाना भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि श्री रेवंत रेड्डी ने पिछले 31 महीनों में "अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के अलावा कुछ नहीं सीखा है।"मुख्यमंत्री की उस टिप्पणी का ज़िक्र करते हुए जिसमें उन्होंने सवाल किया था कि मेडिगड्डा बैराज के गेट खोले बिना कनेपल्ली पंप हाउस की मोटरें कैसे चलाई जा सकती हैं, श्री हरीश राव ने कहा कि यह बयान तकनीकी जानकारी की कमी को दर्शाता है।

श्री हरीश राव ने ज़ोर देकर कहा कि मेडिगड्डा गेट खोले बिना भी कनेपल्ली पंप हाउस की मोटरें चलाई जा सकती हैं। उन्होंने दावा किया कि सेवानिवृत हो चुके इंजीनियरों और तेलंगाना सिंचाई विभाग के मौजूदा इंजीनियरों ने इसके तकनीकी पहलुओं को समझाया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सच बोलने वाले सेवानिवृत इंजीनियरों को कानूनी कार्रवाई की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिंचाई विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार ही मोटरें चलाई गई थीं, जिसमें कांग्रेस सरकार का कार्यकाल भी शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित