गोण्डा , जून 19 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोण्डा दौरे के दौरान देवीपाटन और बस्ती मंडल में चल रहे विकास कार्यों तथा कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) समेत विभिन्न विभागों की परियोजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइंस पहुंचे, जहां उन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर लिया और जनप्रतिनिधियों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद वह आयुक्त सभागार पहुंचे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यों में तेजी लाने तथा जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
इस बीच जिलाधिकारी के तबादले की मांग को लेकर सैकड़ों अधिवक्ता आयुक्त कार्यालय परिसर पहुंच गए और मुख्यमंत्री से मिलने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
अधिवक्ताओं के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक आलोक कुमार शुक्ल ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाने का प्रयास किया। वहीं, सूत्रों के अनुसार इटियाथोक क्षेत्र में सड़क निर्माण समेत अन्य मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन की आशंका के मद्देनजर छात्र पंचायत के अध्यक्ष शिवम पाण्डेय को पुलिस ने नजरबंद कर दिया।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे और पूरे कार्यक्रम पर प्रशासन की विशेष नजर रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित