जालौन , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उरई आगमन के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी एवं विकासात्मक स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, जल जीवन मिशन, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग, श्रम विभाग, स्वयं सहायता समूहों सहित अन्य विभागों की स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग तथा बेसिक शिक्षा विभाग की स्टॉल मुख्यमंत्री के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। यहां आंगनबाड़ी केंद्रों के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रानी लक्ष्मीबाई सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति विषयों पर मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं। बच्चों की मासूम प्रस्तुति से प्रभावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें अपने पास बुलाकर टॉफियां वितरित कीं और स्नेहपूर्वक उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी विभाग की ओर से आयोजित अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम में भी सहभागिता की। उन्होंने छोटे बच्चों को गोद में लेकर दुलार किया और माताओं को सरकार की मातृ एवं शिशु कल्याण योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मुख्यमंत्री को विभाग की गतिविधियों एवं पोषण अभियान से जुड़ी जानकारी भी दी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी विमलेश आर्य, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के स्नेहिल व्यवहार से बच्चों, अभिभावकों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित