आजमगढ़ , जून 13 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) सुप्रीमो अखिलेश यादव की बेटी पर की गई अभद्र टिप्पणी करने वाले को कड़ी चेतावनी देते हुये कहा कि बेटी के खिलाफ कोई भी टिप्पणी स्वीकार नहीं की जायेगी।
आजमगढ़ में 955 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 39 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "पिछले दिनों कुछ लोगों ने श्री अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ गलत टिप्पणी की थी। जैसे ही यह मेरे संज्ञान में आया, मैंने तत्काल पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया। बेटी के खिलाफ कोई भी अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं होनी चाहिए। हर बेटी का सम्मान होना चाहिए।"मुख्यमंत्री ने सपा अध्यक्ष पर भी निशाना साधा।उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव दूसरों को उपदेश देते हैं, उन्हें अपने चेलों-चपाटों को भी समझाना चाहिए कि भाषा संयमित रखें। उनके लोग बहन-बेटियों, बुजुर्गों, दिवंगत लोगों और वरिष्ठ नेताओं के प्रति कैसी टिप्पणी करते हैं। अच्छा होगा कि उन्हें खुद समझाएं, नहीं समझा सकते तो हमारे हवाले कर दें, हम समझा देंगे।
योगी ने आजमगढ़ में 955 करोड़ रुपये से अधिक की 39 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मंच से उन्होंने पुरानी जेल को कन्वेंशन सेंटर के रूप में विकसित करने के लिए प्रशासन को कार्ययोजना बनाने का निर्देश भी दिया।
जनप्रतिनिधियों की मांग पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में महाराजा की भव्य अश्वारोही प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि नया भारत गुलामी के किसी प्रतीक चिह्न को स्वीकार नहीं करेगा। बहराइच में आक्रांता सालार मसूद गाजी मियां के नाम पर आयोजन होता था, हमने कहा अब आयोजन महाराजा सुहेलदेव के नाम पर होगा। अब वहां महाराजा का भव्य स्मारक बन गया है।
योगी ने कहा कि 2014 से पहले भारत की पहचान भ्रष्टाचार से होती थी, दुनिया में सम्मान नहीं था। आज पीएम मोदी के नेतृत्व में नया भारत दुनिया को लोहा मनवा रहा है। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने विदेशी आक्रांताओं को नाकों चने चबवाए थे, लेकिन जाति, क्षेत्र और परिवारवाद में बंटने के कारण बाद में देश को नुकसान उठाना पड़ा।
उन्होने कहा कि 2017 से पहले आजमगढ़ पहचान के लिए मोहताज था। न विश्वविद्यालय था, न पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, न एयरपोर्ट ठीक से चलता था। आज एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और फोरलेन कनेक्टिविटी से आजमगढ़ एक घंटे में गोरखपुर, डेढ़-दो घंटे में वाराणसी और ढाई घंटे में लखनऊ जुड़ गया है। ब्लैक पॉटरी और साड़ी उद्योग को 'एक जनपद एक उत्पाद' से मंच मिला है।
बारिश और आंधी के बीच भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने आभार जताया और मजाकिया अंदाज में कहा, "जब तक मैं हूं, टेंट नहीं उड़ेगा। सेना अडिग है तो सेनापति भी मजबूती से लड़ाई लड़ेगा।"कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, अनिल राजभर, दारा सिंह चौहान, विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक, भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' समेत कई नेता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित