गोरखपुर , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समाज के अल्प एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों को मांगलिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए रियायती दर पर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गोरखपुर के बशारतपुर में बने 'कल्याण मंडपम' का 29 अगस्त को लोकार्पण करेंगे। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने मंगलवार को बताया कि वार्ड संख्या 80 के राप्तीनगर क्षेत्र में बशारतपुर कल्याण मंडपम का निर्माण मुख्यमंत्री की विधायक निधि से 2,593 वर्गमीटर भूमि पर 3.10 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला से सुसज्जित यह दो मंजिला भवन है।

उन्होंने बताया कि भूतल पर 225 लोगों की क्षमता वाला हॉल, किचन, स्टोर, कार्यालय, चेंज रूम और महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं। प्रथम तल पर एक हॉल, अटैच्ड टॉयलेट और ड्रेसिंग रूम के साथ छह कमरों का निर्माण कराया गया है।

परिसर में मुख्य भवन के सामने आकर्षक फव्वारा बनाया गया है। वाहनों की पार्किंग के लिए परिसर के अंदर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाकर पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा परिसर में लॉन विकसित करने के साथ फूल-पौधे लगाकर इसे सजाया गया है।

कल्याण मंडपम के जरिए आमजन को विवाह, तिलक, मुंडन, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा सामूहिक उत्सवों के आयोजन में सहूलियत मिलेगी। खासकर अल्प एवं मध्यम आय वर्ग के परिवारों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्थान किफायती दरों पर उपलब्ध कराने का उद्देश्य है।

गौरतलब है कि गोरखपुर महानगर में अब तक छह कल्याण मंडपम का मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पण हो चुका है। इनमें खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम और जंगल बेनी माधव के कल्याण मंडपम शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित