गोरखपुर , मई 14 -- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में ताल नन्दौर स्थित निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों के साथ परियोजना स्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 16 मई को निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण कार्यक्रम संभावित है। इसी के मद्देनजर जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता तथा मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने परियोजना की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
गौरतलब है कि ताल नन्दौर में बनने वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम लगभग 392.94 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। करीब 50 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाले इस स्टेडियम में 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी।
परियोजना के तहत 11 क्रिकेट पिचें, आधुनिक ड्रेसिंग रूम, खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं तथा लगभग 1500 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, नगर आयुक्त अजय जैन, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सहदेव मिश्रा, सदर एसडीएम दीपक गुप्ता तथा बांसगांव एसडीएम प्रदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित