मुरादाबाद/बिजनौर , जून 01 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोमवार को बिजनौर जिले के अफजलगढ़ क्षेत्र स्थित आलमपुर गावड़ी में प्रस्तावित दौरे को लेकर मुरादाबाद और बिजनौर मंडल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करने के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे तथा लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित करेंगे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री का आगमन दोपहर मुरादाबाद की भदासना हवाई पट्टी पर प्रस्तावित है। मौसम की संभावित प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने हवाई मार्ग के साथ-साथ वैकल्पिक सड़क मार्ग पर भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है।

अधिकारियों ने बताया कि यदि मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान प्रभावित होती है तो मुख्यमंत्री मुरादाबाद की मूंढ़ापांडे हवाई पट्टी से सड़क मार्ग द्वारा रामपुर के टांडा और दढ़ियाल क्षेत्र होते हुए बिजनौर पहुंच सकते हैं। इसे देखते हुए रामपुर पुलिस ने संभावित वीआईपी रूट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है।

बिजनौर में कार्यक्रम स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) मुनीराज जी स्वयं जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों की टीमें भी कार्यक्रम स्थल पर तैनात की गई हैं।

मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र के लिए विशेष महत्व रखता है क्योंकि पिछले लगभग डेढ़ महीने में उनका कार्यक्रम विभिन्न कारणों से कई बार स्थगित हो चुका था। आलमपुर गावड़ी में मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियां लंबे समय से चल रही थीं और स्थानीय लोगों व कार्यकर्ताओं को इस कार्यक्रम का इंतजार था।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) का लोकार्पण करेंगे, विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बिजनौर पुलिस ने सोमवार सुबह से ही कई मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू कर दिया है। हरिद्वार-काशीपुर फोरलेन हाईवे पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है, जबकि भारी वाहनों के लिए अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर कार्यक्रम की समाप्ति तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित