प्रतापगढ़ , जून 19 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि सोशल मीडिया पर संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उदयपुर थाना पुलिस ने अशोक मिश्रा उर्फ पुत्तन मिश्रा को गिरफ्तार किया है। आरोपी उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे विजयी मजरे राजापुर का निवासी है।
पुलिस के मुताबिक, 17 जून को आरोपी ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विरुद्ध अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया था। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने इसकी जांच की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध दर्ज मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर कानून व्यवस्था प्रभावित करने अथवा सार्वजनिक पदों पर आसीन व्यक्तियों के विरुद्ध आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित