ग्रेटर नोएडा , जून 11 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को लाइव टेलीकास्ट से माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होकर ई-बसों के संचालन का शुभारंभ करेंगे।
ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि यह कार्यक्रम 12 जून को सुबह 10 बजे ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
ई-बसों के संचालन से क्षेत्र के लोगों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन सेवा उपलब्ध होगी। साथ ही, इलेक्ट्रिक बसों के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी और हरित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। ये बसें ग्रेटर नोएडा परिचौक से नोएडा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट तक सेवा देंगी तथा विभिन्न अन्य नए मार्गों पर आगामी समय में संचालित की जाएंगी।
राज्य सरकार की प्राथमिकता के अनुरूप यह पहल पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को सशक्त बनाने, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े अपने विचार साझा करेंगे। इसके बाद ई-बसों को प्रतीकात्मक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
प्रशासन और प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, ई-बस सेवा शुरू होने से ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम होगा तथा यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन विकल्प उपलब्ध होंगे। यह पहल स्मार्ट और ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित