योगी शाकुम्भरी दर्शनसहारनपुर , जून 01 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को सहारनपुर जनपद स्थित प्रसिद्ध मां शाकुम्भरी देवी सिद्धपीठ का दौरा करेंगे। उनका हेलीकॉप्टर से अपराह्न लगभग साढ़े तीन बजे मंदिर परिसर पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने रविवार देर रात पुलिस लाइन में संयुक्त रूप से डी-ब्रीफिंग कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

इस दौरान कार्यक्रम में नियुक्त सभी राजपत्रित अधिकारियों, सेक्टर एवं जोनल अधिकारियों, थाना प्रभारियों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके दायित्वों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, वीआईपी मूवमेंट, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, संचार व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित