वाराणसी , सितंबर 5 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को वाराणसी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान वह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री शनिवार शाम आजमगढ़ से हेलीकॉप्टर से वाराणसी पहुंचेंगे और पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से गंगा और वरुणा नदी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री पुलिस लाइन स्थित सेफ हाउस में जनप्रतिनिधियों तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ की स्थिति और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री सलारपुर स्थित विद्या विहार इंटर कॉलेज में बनाए गए राहत शिविर का दौरा करेंगे। यहां वह 150 से अधिक बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर शिविर में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे तथा प्रभावित परिवारों को आपदा राहत किट वितरित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित