भोपाल , अक्टूबर 23 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार 24 अक्टूबर को सुबह 10 बजे भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में चतुर्थ राष्ट्रीय एचआर-सीएसआर सम्मेलन 'अभ्युदय-2026' का शुभारंभ करेंगे। सम्मेलन का विषय 'समग्र कल्याण के लिए पर्यावरण, सामाजिक उत्तरदायित्व, सुशासन और सभ्यतागत ज्ञान का समन्वय' है। उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री संबोधित करने के साथ ही प्रतिभागियों से संवाद भी करेंगे।

कार्यक्रम में इंडोनेशिया के पद्मश्री डॉ. अगुस इंद्र उदयाना, एस-व्यासा के कुलाधिपति पद्मश्री डॉ. एच.आर. नागेंद्र, श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के प्रतिनिधि श्रीराम तिवारी और सम्मेलन संयोजक डॉ. विक्रांत सिंह तोमर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

सम्मेलन का आयोजन संस्कृति विभाग के श्रीकृष्ण पाथेय न्यास और यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन द्वारा डॉ. विक्रांत सिंह तोमर के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य उद्योग, सरकार, विश्वविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं के बीच साझेदारी को बढ़ावा देना है, ताकि कौशल विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्रों में व्यावहारिक मॉडल विकसित किए जा सकें। सम्मेलन में देशभर से कॉर्पोरेट प्रतिनिधि, शिक्षाविद, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और सामाजिक क्षेत्र के विशेषज्ञ भाग लेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित