भोपाल , अक्टूबर 28 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बुधवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में फ्रांस के महावाणिज्य दूत पैट्रिक लेवेरिनो के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने महावाणिज्य दूत का मध्यप्रदेश की धरती पर स्वागत कर अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के दौरान कहा कि फ्रांस मध्यप्रदेश को अपना भरोसेमंद साझेदार माने। उन्होंने महावाणिज्य दूत को अगले वर्ष फरवरी 2027 में भोपाल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में फ्रांस की कंपनियों का प्रतिनिधिमंडल लेकर आने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) इस संबंध में इंडो-फ्रेंच चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (आईएफसीसीआई) और फ्रांस के महावाणिज्य कार्यालय के साथ संपर्क, सहयोग और समन्वय करेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुखबीर सिंह सहित फ्रांस के महावाणिज्य कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित