पांढुर्णा , अक्टूबर 03 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को पांढुर्णा जिले के दौरे पर रहेंगे। वे सांदीपनी स्कूल में आयोजित 'सेवा मेरा योगदान' कार्यक्रम में शामिल होने के साथ जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 9.20 बजे भोपाल के स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर से रवाना होकर 10.25 बजे पांढुर्णा के पारडी रोड हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वे सांदीपनी स्कूल जाएंगे। स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के बाद जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद उनके अन्य स्थानीय कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री दोपहर करीब 1.20 बजे पांढुर्णा हेलीपैड पहुंचेंगे और 1.30 बजे हेलीकॉप्टर से मंडला के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों के तहत कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने शनिवार को पांढुर्णा पारडी रोड हेलीपैड और सांदीपनी स्कूल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, प्रोटोकॉल और अन्य व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर मेघा शर्मा, संयुक्त कलेक्टर नेहा सोनी, एसडीएम अल्का इक्का, जनपद सीईओ विनय प्रकाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित