धूरी (संगरूर) , जुलाई 01 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को धूरी से 'मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना' का औपचारिक शुभारंभ करते हुए समर्पित वेब पोर्टल लॉन्च किया। इसके साथ ही राज्य की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में तीन माह की सत्कार राशि सीधे ट्रांसफर कर दी गयी। योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 3,000 रुपये तथा अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 4,500 रुपये की पहली किस्त जारी की गयी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी द्वारा दी गयी अंतिम चुनावी गारंटी भी अब पूरी कर दी गयी है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक 40 लाख से अधिक महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है और यह राशि जुलाई माह से प्रभावी मानी जाएगी।

श्री मान ने कहा कि सामान्य वर्ग की प्रत्येक पात्र महिला को 1,000 रुपये प्रतिमाह, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग की प्रत्येक पात्र महिला को 1,500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। यदि किसी परिवार में एक से अधिक महिलाएं पात्र हैं तो प्रत्येक महिला को अलग-अलग सत्कार राशि मिलेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो महिलाएं अभी तक पंजीकरण नहीं करा सकी हैं, उन्हें भी सत्यापन के बाद एक जुलाई से ही योजना का लाभ दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाएं भी इस योजना की पात्र होंगी। राज्य सरकार ने इस योजना के लिए बजट में 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है और अनुमान है कि पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत महिलाएं इससे लाभान्वित होंगी। उन्होंने कहा कि यह आर्थिक सहायता महिलाओं को अमीर बनाने के लिए नहीं, बल्कि उन्हें सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से शुरू की गयी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब तक आम आदमी पार्टी की सरकार सत्ता में रहेगी, तब तक यह योजना निरंतर जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता के टैक्स के पैसे को जनता के कल्याण पर खर्च कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने मुफ्त बिजली, बिना भ्रष्टाचार 68 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, सड़कें और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन स्तर को सुधारने का प्रयास किया है।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं आप नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब सरकार ने जनता से किये गये सभी प्रमुख वादे पूरे कर दिये हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि महिलाओं के प्रति विश्वास और सम्मान का प्रतीक है तथा देश के लिए एक नया जनकल्याणकारी मॉडल प्रस्तुत करती है।

समारोह में आप नेता अमन अरोड़ा, डॉ. बलजीत कौर सहित कई मंत्री, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

सरकार के अनुसार पात्र महिलाएं आंगनवाड़ी केंद्र, सेवा केंद्र, नगर परिषद कार्यालय अथवा संबंधित ब्लॉक कार्यालय में निःशुल्क आवेदन कर सकती हैं।सरकार ने स्पष्ट किया है कि योजना के लिए फिलहाल कोई अंतिम तिथि निर्धारित नहीं की गयी है। पात्र महिलाएं बाद में भी पंजीकरण कराकर सत्यापन के उपरांत एक जुलाई 2026 से देय लाभ प्राप्त कर सकेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित