मोतिहारी , जून 17 -- बिहार सरकार की महत्वपूर्ण जीवनदायिनी मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत बाल हृदय रोगियों के 100वें बैच को निशुल्क शल्य चिकित्सा के लिए गुजरात के अहमदाबाद स्थित श्री सत्य साईं अस्पताल भेजा जा रहा है। इस बैच में पूर्वी चंपारण जिले के दो बच्चे भी शामिल हैं।
सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने बुधवार की सुबह जिले के रक्सौल की शिवानी कुमारी और केसरिया के शुभम पाल को उनके परिजनों के साथ एम्बुलेंस से राज्य स्वास्थ्य समिति, पटना के लिए रवाना किया। दोनों बच्चों के साथ चिकित्सा पदाधिकारी, अरेराज डॉ. सरताज आलम को भी भेजा गया। सिविल सर्जन ने हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया।
डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत पूर्वी चंपारण जिले के अब तक 172 बाल हृदय रोगियों की सफल सर्जरी कराई जा चुकी है।
आरबीएसके के जिला समन्वयक डॉ. शशि मिश्रा ने बताया कि राज्य स्वास्थ्य समिति, पटना से स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार 100वें बैच में शामिल बिहार के 32 बाल हृदय रोगियों को पटना एयरपोर्ट के लिए रवाना करेंगे। इसके बाद बिहार सरकार अपने खर्च पर बच्चों और उनके परिजनों को हवाई मार्ग से अहमदाबाद स्थित श्री सत्य साईं अस्पताल भेजेगी।उन्होंने बताया कि अस्पताल में बच्चों की सर्जरी के साथ-साथ उनके रहने और भोजन की पूरी व्यवस्था का खर्च भी बिहार सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार, आरबीएसके जिला समन्वयक डॉ. शशि मिश्रा, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सरताज आलम, प्रमोद कुमार और जौवाद हुसैन उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित