जौनपुर , सितम्बर 04 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं पीएम केयर फॉर चिल्ड्रेन योजना के लाभार्थी बच्चों एवं उनके अभिभावकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से आत्मीयता के साथ संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों, विद्यालय की व्यवस्थाओं, व्यक्तिगत जीवन एवं भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने बच्चों से सहज एवं आत्मीय वातावरण में बातचीत करते हुए पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं। संवाद के दौरान बच्चों ने शिक्षक, वकील, इंजीनियर, डॉक्टर, अंतरिक्ष का वैज्ञानिक एवं आईपीएस अधिकारी बनने की इच्छा व्यक्त की। बच्चों के सपनों को सुनकर जिलाधिकारी ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए कैरियर काउन्सलिंग की तरह विशेष रूप से सलाह दी कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सबसे पहले अपना लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है। लक्ष्य निर्धारित करने के बाद उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और मोबाईल का इस्तेमाल सोशल प्लेटफार्मों के लिए न करें, अपने सपनों को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ें। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन बच्चों की खेलों में रुचि है, वे खेल के क्षेत्र में भी अपना उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं।
संवाद के दौरान एक छोटी बच्ची ने जिलाधिकारी से अपने भविष्य के सपने को साझा करते हुए बताया कि वह बड़ी होकर स्किन की डॉक्टर बनना चाहती है और अपना अस्पताल खोलकर गरीब बच्चों का निःशुल्क इलाज करना चाहती है। बच्ची की इस सोच और समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करने की भावना को सुनकर जिलाधिकारी ने उसकी खूब सराहना की और उसका उत्साहवर्धन किया। जिलाधिकारी ने बच्ची को अपने लक्ष्य की दिशा में मन लगाकर पढ़ाई करने तथा निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। बच्ची के इस आत्मविश्वास और अलग सोच ने संवाद कार्यक्रम को विशेष रूप से प्रेरणादायी बना दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित