चेन्नई , सितंबर 11 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय बतौर मुख्यमंत्री अपनी पहली विदेश यात्रा पर शुक्रवार को लंदन पहुंचे। उनकी इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य राज्य में नया औद्योगिक निवेश आकर्षित करना और ब्रिटिश कंपनियों के साथ समझौता कर मौजूदा व्यापारिक संबंधों को मजबूत करना है, ताकि अगले 10 वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था को 1.5 ट्रिलियन (खरब) अमेरिकी डॉलर बनाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।"श्री विजय गुरुवार रात चेन्नई से दुबई गये, जहां उड़ान का विराम था। इसके बाद वे लंदन के लिए रवाना हुए, जहां हवाई अड्डे पर पहुंचने पर तमिल समुदाय के लोगों ने तमिझगा वेत्री कषगम (टीवीके) के झंडों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

हफ्ता भर चलने वाली इस यात्रा के दौरान वह कई कारोबारी दिग्गज कंपनियों के शीर्ष प्रमुखों, विभिन्न क्षेत्रों के अग्रणी उद्योगपतियों और तमिल प्रवासियों से बातचीत करेंगे। इसके साथ ही वे तमिलनाडु को नये व्यवसायों, विनिर्माण, ऑटोमोबाइल और अन्य क्षेत्रों के लिए एक प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में पेश करेंगे।

उनकी यह यात्रा पिछले महीने उनकी सरकार द्वारा आयोजित पहले 'वेत्री तमिलनाडु इन्वेस्टर्स कॉन्क्लेव-2026' में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित करने की ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद हो रही है।

इस दौरान 67,452 करोड़ रुपये के निवेश और 1,06,998 नौकरियों के वादे वाले अभूतपूर्व 97 समझौता पत्रों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये गये थे। इसके साथ ही सरकार ने पहली बार सत्ता में आने के महज 100 दिनों के भीतर एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के रिकॉर्ड निवेश का आंकड़ा हासिल कर इतिहास रच दिया, जिसकी नीति आयोग के अधिकारियों ने भी दूरदर्शी विकास दृष्टि के लिए सराहना की।

सरकार के 100 दिन पूरे होने पर कुल मिलाकर रिकॉर्ड 104 एमओयू पर हस्ताक्षर किये गये, जिससे 1,02,514 करोड़ रुपये का निवेश आयेगा और 1,21,788 रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इन परियोजनाओं में जर्मनी, जापान, ब्रिटेन, दक्षिण कोरिया और अमेरिका सहित 15 से अधिक देशों की कंपनियां शामिल हैं, जो वैश्विक स्तर पर तमिलनाडु को सबसे पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में पेश करती हैं।

यात्रा के दौरान श्री विजय यूरोप के प्रमुख व्यापारियों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ बैठकें करेंगे तथा उन्हें तमिलनाडु में नयी इकाइयां स्थापित करने और अधिक निवेश के साथ विस्तार की संभावनाएं तलाशने का निमंत्रण देंगे।

सरकार के अनुसार, कई यूरोपीय देशों की बहुराष्ट्रीय कंपनियों (एमएनसी) ने 8,491 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है, जिससे 5,690 लोगों के लिए रोजगार पैदा होने की उम्मीद है। सरकार इसे राज्य में निवेशकों की बढ़ती रुचि और विश्वास के संकेत के रूप में देख रही है।

मुख्यमंत्री विजय की उपस्थिति में यात्रा के दौरान कई एमओयू पर हस्ताक्षर किये जाने की उम्मीद है। विधानसभा में आधुनिक सुविधाओं के साथ 'मोटरस्पोर्ट सिटी' स्थापित करने की अपनी घोषणा के बाद, विजय ब्रिटेन के प्रसिद्ध 'सिल्वरस्टोन ब्रिटिश ग्रैंड प्रिक्स एफ1 मोटर रेसिंग सर्किट' का भी दौरा करेंगे। वह उस कार रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, जिसमें लोकप्रिय अभिनेता-रेसर और मोटरस्पोर्ट प्रेमी अजित कुमार भी भाग ले रहे हैं।

मिश्लिन ले मैन्स कप ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है, "तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय शनिवार को ब्रिटेन में मिश्लिन ले मैन्स कप के सिल्वरस्टोन दौर की शुरुआत के लिए औपचारिक हरी झंडी दिखायेंगे।"पोस्ट में कहा गया है, "भारतीय अभिनेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ब्रिटेन में भारतीय ड्राइवरों का समर्थन करने और 44-कार ग्रिड के सामने आधिकारिक रूप से हैशटैग सिल्वरस्टोन राउंड शुरू करने के लिए हमारे साथ जुड़ेंगे।"मुख्यमंत्री की मौजूदगी इसलिए भी खास है, क्योंकि अभिनेता अजित कुमार 'अजित रेडएंट बाय विराग' की ओर से इस रेसिंग चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे हैं।

वैश्विक मानक की इस मोटरस्पोर्ट सिटी का उद्देश्य राज्य में पहले से मौजूद ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण ढांचे को और मजबूत करना है, खासकर श्रीपेरंबुदूर-ओरागडम ऑटो हब गलियारे में। सर्किट का निरीक्षण करने के अलावा श्री विजय इसके डिजाइन, सुरक्षा प्रणालियों और मोटरस्पोर्ट सुविधाओं के संचालन के बारीकियों का अध्ययन करेंगे। वह खेल पर्यटन और विशेषज्ञता वाली ऑटोमोबाइल उद्योग में अवसर तलाशेंगे।

श्री विजय लंदन में तमिल समुदाय के लोगों से मिलकर तमिलनाडु को एक आदर्श निवेश स्थल के रूप में प्रस्तुत करते हुए उन्हें राज्य में निवेश करने के लिए आमंत्रित करेंगे।

श्री विजय की लंदन यात्रा इसलिए भी बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह भारत-ब्रिटेन के बीच बढ़ते आर्थिक संबंधों के बीच हो रही है। भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (सीईटीए) के लागू होने से व्यापार और निवेश के अतिरिक्त अवसर मिलने की उम्मीद है। तमिलनाडु इस समझौते के तहत उभरते अवसरों का लाभ उठाने की कोशिश करने वाले राज्यों में आगे रहा है।

यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री का ध्यान तमिलनाडु में पहले से मौजूद ब्रिटिश कंपनियों के साथ संबंधों को मजबूत करने और उन्हें अपने परिचालन का विस्तार करने के लिए प्रोत्साहित करने पर रहेगा। इंजीनियरिंग, वित्तीय सेवाओं और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में ब्रिटिश कंपनियों की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही है।

सरकार ने ब्रिटेन से नया निवेश आकर्षित करने के लिए उन्नत विनिर्माण, ऑटोमोबाइल व इलेक्ट्रिक वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स को प्रमुख क्षेत्रों के रूप में चिह्नित किया है। इन क्षेत्रों के विस्तार से राज्य में उच्च गुणवत्ता वाले रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। विदेश यात्रा पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री विजय का 17 सितंबर को चेन्नई लौटने का कार्यक्रम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित