पटना , मई 29 -- बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार की ओर से संचालित ''मुख्यमंत्री प्रखंड परिवहन योजना'' ग्रामीण बिहार की जीवन-रेखा बनकर उभरी है। श्री पांडेय ने आज बयान जारी कर कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ''सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास'' और ''विकसित भारत 2047'' के संकल्प को धरातल पर उतारने वाली क्रांतिकारी पहल है। पूर्व मंत्री ने कहा कि वह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हैं, जिनके मार्गदर्शन में केंद्र सरकार ने राज्यों में ग्रामीण कनेक्टिविटी और स्वरोजगार को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ''सात निश्चय-2'' के तहत ''सुलभ संपर्कता'' का संकल्प लेकर इस योजना की नींव रखी थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में विकास कार्यों को नई दिशा और नए आयाम मिल रहे हैं।

श्री पांडेय ने कहा कि पहले बिहार के हजारों गांवों के लोगों को प्रखंड या जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता था। किसान को खाद-बीज लेने, मरीज को अस्पताल जाने, छात्र को कॉलेज जाने और महिलाओं को सरकारी कार्यालय जाने के लिए कोई भरोसेमंद साधन नहीं था। ऑटो-टेंपो वाले मनमाना किराया वसूलते थे। उन्होंने कहा कि इस पीड़ा को डबल इंजन की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने समझा और समाधान निकाला। योजना के तहत प्रत्येक प्रखंड से जिला मुख्यालय तक सीधी बस सेवा शुरू की जा रही है।

भाजपा नेता श्री पांडेय ने कहा कि बिहार के बेरोजगार युवाओं, विशेषकर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग के भाई-बहनों को बस खरीदने के लिए पांच लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है। 50 प्रतिशत सब्सिडी सीधे लाभार्थी के खाते में जाएगी। एक युवा बस मालिक बनकर हर महीने 25-30 हजार रुपये की सम्मानजनक आय अर्जित कर सकेगा।

श्री पांडेय ने कहा मुख्यमंत्री श्री चौधरी एक्शन मोड में हैं। उनकी अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में परिवहन क्षेत्र को सुगम बनाने के लिए ''एकमुश्त यातायात चालान निपटान योजना-2026'' को मंजूरी दी गई। प्रखंड परिवहन योजना की मॉनिटरिंग स्वयं मुख्यमंत्री कर रहे हैं। उनका स्पष्ट निर्देश है कि किराया किफायती रहे, बसों का रख-रखाव उत्तम हो और यात्रियों की सुरक्षा सर्वाेपरि हो। उन्होंने कहा कि जब गांव और शहर के बीच दूरी घटेगी तो व्यापार बढ़ेगा। पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार दूरदर्शिता से अब हर प्रखंड से जिला मुख्यालय तक बस सेवा का सपना साकार हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित