हैदराबाद , मई 18 -- तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ के खिलाफ निजी टिप्पणी करने के लिए निजामाबाद से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद धर्मपुरी अरविंद को माफी मांगनी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मेदी रविचंद्र ने आज यहां गांधी भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद पर मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ 'अहंकारपूर्ण और व्यक्तिगत' टिप्पणियां करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद शुरू किये गये विकास कार्यों के बावजूद भाजपा नेता तेलंगाना सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
श्री रविचंद्र ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि लोकतंत्र में सरकार की नीतियों पर राजनीतिक आलोचना स्वीकार की जा सकती है, लेकिन मुख्यमंत्री के खिलाफ व्यक्तिगत हमलों की कोई जगह नहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी टिप्पणियां जारी रहीं, तो कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता इसका पुरजोर विरोध करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित