पटना , मार्च 06 -- केंद्रीय मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का फैसला खुद नीतीश कुमार ने ही लिया है और राज्य के नए मुख्यमंत्री का चयन करने का अधिकार भी उन्हीं के पास होगा।

श्री सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के एक दिन बाद यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री पद छोड़ने का निर्णय श्री कुमार का है, इसमें किसी और की भूमिका नहीं है। उन्होंने कहा कि इसमें संदेह की गुंजाईश नहीं है और श्री कुमार को कोई भी व्यक्ति प्रभावित नहीं कर सकता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शीर्ष स्तर पर सभी फैसले हमेशा श्री कुमार ही लेते रहे हैं और उनकी इच्छा के विरुद्ध कोई निर्णय लेने के लिए उन्हें प्रभावित करने की ताकत किसी में नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार के नए मुख्यमंत्री का चयन भी वही करेंगे।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास 01, अणे मार्ग के बाहर एकत्र हो गए थे और नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर नाराजगी जाहिर कर रहे थे। इस दौरान जब ललन सिंह मुख्यमंत्री से मिलने वहां पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी का घेराव भी किया।

श्री सिंह ने गुरुवार को स्पष्ट किया था कि यह निर्णय केवल नीतीश कुमार का ही है।

इस संबंध में बिहार के राजनीतिक हलकों में चर्चा तब शुरू हो गई थी, जब श्री कुमार ने अचानक लिए गए फैसले के बाद गुरुवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग ) के चार अन्य उम्मीदवारों के साथ राज्यसभा के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विशेष रूप से नई दिल्ली से पटना पहुंचे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित